बृजमनगंज वार्ड नं. 9 में जल निकासी की समस्या होगी खत्म, चेयरमैन ने किया शुभारंभ

बृजमनगंज - महराजगंज आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 9 में विकास कार्यों की कड़ी में एक और कदम बढ़ाते हुए नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल द्वारा 23 लाख रुपये की लागत से बनने जा रही नाली का भूमि पूजन मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रों के साथ नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राकेश जयसवाल ने कहा कि नगर के विकास में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 9 में लंबे समय से जल निकासी की समस्या थी, जिससे बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी होती थी। इस नाली के बनने से क्षेत्र के लोगों को जलभराव से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।

नगर अध्यक्ष ने आगे कहा कि आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना उनकी प्राथमिकता है। नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने ठेकेदार को भी निर्देशित किया कि कार्य को मानक के अनुरूप और समय से पूरा किया जाए। इस अवसर पर सभासद प्रद्युम्न सिंह, शिवप्रसाद चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, विनोद तिवारी, अनिल मणि, राजन चौरसिया, सनी रैना, तौलन चौरसिया सहित वार्ड के अनेक सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्टर - इरफान खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.