सिसवा को सुरक्षित बनाने की पहल तेज, सेफ सिटी योजना में शामिल करने की तैयारी

महराजगंज : सिसवा नगर पालिका परिषद में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। इसके लिए सिसवा नगर पालिका को सेफ सिटी योजना में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

राज्य मिशन निदेशालय और स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से 14 अक्टूबर को पत्र जारी कर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम निर्माण तथा तीन वर्षों तक उनके रखरखाव और संचालन के लिए कार्ययोजना प्रस्ताव मांगा गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने पहले ही उठाई थी मांग

नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने तीन अक्टूबर को राज्य मिशन निदेशक को पत्र भेजकर सिसवा को सेफ सिटी योजना में शामिल करने का अनुरोध किया था। उन्होंने नगर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और विद्यालयों के आसपास आधुनिक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था विकसित कराने की आवश्यकता बताई थी।

इसी पहल के क्रम में मिशन निदेशालय ने जिलाधिकारी महराजगंज को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

तीन दिन में तैयार होगा प्रस्ताव

मिशन निदेशालय के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को वास्तविक जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से तीन दिन के भीतर मिशन निदेशालय को उपलब्ध करानी है। प्रस्ताव में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम निर्माण और तीन वर्षों तक उनके संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था शामिल होगी। इसके लिए राज्य स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा निर्धारित मानकों और दरों का पालन करना होगा।

सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि सिसवा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता है। सेफ सिटी योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित होने से प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास निगरानी बेहतर होगी। इससे असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और किसी घटना के बाद आवश्यक जानकारी जुटाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नगर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

अब सबकी निगाहें प्रस्ताव और आगे की कार्रवाई पर

सिसवा को सेफ सिटी योजना में शामिल करने की पहल से नगर में आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और कंट्रोल रूम के निर्माण को लेकर अंतिम निर्णय प्रस्ताव की स्वीकृति और आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.