साइकिल फिसलने से भीग गईं शहजाद अली की कॉपियां, साथियों के साथ मिलकर सड़क सुधारने में जुटे विद्यार्थी

महराजगंज : क्षेत्र के चंदा गूलरभार गांव में लंबे समय से खराब सड़क से परेशान विद्यार्थियों ने खुद ही उसकी मरम्मत करने की पहल की। बरसात के दिनों में सड़क की हालत खराब होने के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विद्यार्थियों की इस पहल ने जहां लोगों का ध्यान खींचा, वहीं सड़क की बदहाली को लेकर बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं।

बताया जा रहा है कि एक दिन स्कूल जाते समय शहजाद अली की साइकिल खराब सड़क पर फिसल गई, जिससे उनकी कॉपियां बारिश के पानी में भीग गईं। इस घटना से परेशान शहजाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया। इसके बाद सभी विद्यार्थी मिलकर सड़क को ठीक करने में जुट गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति के बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ऐसे में विद्यार्थियों की यह पहल उनकी जागरूकता, मेहनत और शिक्षा के प्रति लगन को दर्शाती है।

वहीं, शहजाद अली की कॉपियां भीगने पर उन्हें नई कॉपियां उपलब्ध कराई गईं। अन्य विद्यार्थियों को भी कॉपियां और मिठाइयां देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस पहल में शहजाद अली के साथ गोलू कुमार, सैफ अली, मुसाफिर अली, करण चौहान, अखिलेश निषाद, कलाम अली, नितेश मद्धेशिया, वसीम अली, नितेश चौहान और शिवम निषाद शामिल रहे।

विद्यार्थियों की यह पहल प्रेरणादायक है, लेकिन सवाल यह भी है कि आखिर कब तक बच्चे खुद सड़क सुधारने को मजबूर होंगे? सड़क की स्थायी मरम्मत कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.