जयकारों और ढोल-नगाड़ों से गूंजा नगर, भव्य पंडालों में देर रात तक उमड़े श्रद्धालु

महराजगंज - सिसवा कस्बे में शनिवार की देर शाम मां दुर्गा की प्रतिमाओं के नेत्र दर्शन के साथ छह दिवसीय ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। मां के पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। चारों ओर गूंजते जयकारों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। आकर्षक प्रतिमाओं और मनमोहक सजावट से सजे पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान के साथ मां के पट खोले गए। सिसवा कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में करीब तीन दर्जन स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। कहीं दिन में तो कहीं शाम को नेत्र दर्शन और पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित हुए। पट खुलते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और देर रात तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा।

भव्य पंडालों में दिखे शक्तिपीठों के दिव्य स्वरूप

श्रीराम जानकी मंदिर समिति की ओर से सजाए गए पंडाल में मां विंध्याचल देवी और अष्टभुजा देवी शक्तिपीठ की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हैं। यहां स्वचालित प्रतिमाओं के माध्यम से भगवान गणेश के गणेश से गजानन बनने की कथा प्रस्तुत की जाएगी। मां दुर्गा की आशीर्वाद प्रदान करती प्रतिमा भी श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। वहीं, श्री बाल दुर्गा पूजा समिति, दूरभाष केंद्र की ओर से बंगाली शैली में मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल के अलग-अलग खंडों में कालिया नाग, भगवान शिव-पार्वती, मां कालिका और तिरुपति बालाजी की झांकियां सजाई गई हैं। इन आकर्षक प्रस्तुतियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

शक्तिपीठों की झांकियां बनीं आकर्षण

लोकायन दुर्गा पूजा सेवा समिति, पुरानी पुलिस चौकी की ओर से जालंधर स्थित शक्तिपीठ त्रिपुर मालिनी का भव्य दरबार सजाया गया है। इसके साथ ही मेघालय के जयंती शक्तिपीठ की पहाड़ियों के बीच स्थित मंदिर की आकर्षक झांकी तैयार की गई है। देवी-देवताओं की मनमोहक प्रतिमाएं और पंडालों की कलात्मक सजावट महोत्सव की भव्यता को चार चांद लगा रही है।

हर गली में भक्ति की गूंज, छह दिनों तक रहेगा उत्सव

बस स्टैंड, हथठ्ठी माता स्थान, सायय माता स्थान, भुवरी माता स्थान, प्रेम चित्र मंदिर रोड, एस्टेट चौक और फलमंडी समेत नगर के विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा समितियों की ओर से भव्य आयोजन किए गए हैं। मां के पट खुलने के साथ ही सभी प्रमुख पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। छह दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही सिसवा कस्बा भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया है। मां दुर्गा के दर्शन, आकर्षक झांकियों और पूजा-अर्चना के बीच पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।


रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.