वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का पूजन

महाराजगंज - विजयादशमी के पावन अवसर पर सिसवा बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री वन शक्ति देवी मंदिर में हिंदू कल्याण मंच, सिसवा नगर की ओर से शस्त्र पूजन एवं कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन हुआ। वहीं, 20 से अधिक नन्हीं कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे मंदिर परिसर में हुआ। इस दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष नारंगी वस्त्र से सजी वेदी पर तलवार, खड्ग सहित विभिन्न पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र सजाए गए। हिंदू कल्याण मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्रों का पूजन किया। इसके बाद मां दुर्गा के जयकारों के बीच धर्म एवं राष्ट्र की रक्षा का संकल्प लिया गया। हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई।

कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

शस्त्र पूजन के उपरांत कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंदिर परिसर में 20 से अधिक नन्हीं कन्याओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर देवी स्वरूप मानते हुए उनका विधि-विधान से पूजन किया गया। महिलाओं एवं मंच के सदस्यों ने कन्याओं को पूरी, सब्जी, खीर, केला और प्रसाद परोसकर श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। भोजन के बाद मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कन्याओं के समक्ष हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया और सभी के सुखमय जीवन की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा के संगम ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में श्री वन शक्ति देवी मंदिर के अध्यक्ष अजय सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर हिंदू कल्याण मंच के मुख्य संरक्षक नितेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया, महामंत्री विकास जायसवाल, संरक्षक रवि यादव, कोषाध्यक्ष रविराज जायसवाल, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल सहित दीपक जायसवाल, विवेक जायसवाल, अनूप पटवा, सुनील रौनियार और जय हिंद गुप्ता समेत मंच के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भी सहभागिता रही।

आयोजन के दौरान "नारी शक्ति–राष्ट्र शक्ति, धर्म रक्षा ही जीवन" का उद्घोष गूंजता रहा। शस्त्र पूजन और कन्या पूजन के माध्यम से सनातन संस्कृति, नारी सम्मान तथा धर्म एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.