सिसवा में रामलीला महोत्सव की तैयारियां तेज, 1 नवंबर को होगा भव्य रावण दहन
महराजगंज : सिसवा बाजार में श्रीरामलीला महोत्सव एवं रावण दहन मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हिंदू कल्याण मंच के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए मंच के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। मंगलवार को पदाधिकारियों ने बेतखाना स्थित श्रीश्री 1008 हनुमान गढ़ी के पीछे रामलीला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
मंच के अनुसार, 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 26 से 30 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम छह बजे से बेतखाना स्थित रामलीला स्थल पर प्रभु श्रीराम के जीवन पर आधारित लीलाओं का मंचन होगा।
पांच देवी मंदिरों में होगा शक्ति पूजन
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 1 नवंबर को आयोजित होने वाला रावण दहन मेला होगा। इस दिन दोपहर 12 बजे गोपाल नगर के समीप स्थित प्राचीन शिव मंदिर में प्रभु श्रीराम अपनी सेना के साथ शिव पूजन करेंगे। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा के दौरान सिसवा के पांच प्रमुख देवी मंदिरों—श्री काली माता, श्री हट्टी माता, श्री दुर्गा माता, श्री सायर माता और श्री भुवरी माता मंदिर में विधिवत शक्ति पूजन किया जाएगा। इसके बाद प्रभु श्रीराम की सेना बेतखाना पहुंचेगी, जहां बुराई के प्रतीक रावण का दहन किया जाएगा।
रावण दहन के बाद होगा भरत मिलाप
रावण दहन के उपरांत प्रभु श्रीराम की विजय शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी, जहां परंपरागत रूप से भरत मिलाप का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ महोत्सव का समापन होगा।
हिंदू कल्याण मंच के पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रामलीला मंचन से लेकर शोभायात्रा, शक्ति पूजन, रावण दहन, भरत मिलाप और राज्याभिषेक तक सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की योजना बनाई जा रही है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.