सिसवा में भक्तिमय माहौल के बीच दुर्गा प्रतिमाओं को दी गई विदाई, खेखड़ा घाट पर हुआ विसर्जन
महराजगंज : मां दुर्गा की आराधना के बाद गुरुवार को सिसवा कस्बे में प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और माता रानी के जयघोष के बीच निकली विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पालकी पर सजी प्रतिमाएं और मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सभी प्रतिमाओं को बीजापार स्थित खेखड़ा घाट पर विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया।
स्टेट चौक से खेखड़ा घाट तक निकली यात्रा
कस्बे के विभिन्न पूजा पंडालों के साथ ग्रामीण इलाकों की दुर्गा पूजा समितियों की प्रतिमाएं स्टेट चौक पर एकत्रित हुईं। यहां से विसर्जन जुलूस काली मंदिर, रामजानकी मंदिर रोड, अमरपुरवा, गोपालनगर, मिरसिकारी मोहल्ला, रोडवेज बस स्टैंड, पुरानी पुलिस चौकी, स्टेशन रोड, फलमंडी, शायर स्थान चौराहा और बीजापार होते हुए खेखड़ा घाट पहुंचा।
पूरे मार्ग पर श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। धार्मिक गीतों और भक्ति संगीत से कस्बे का माहौल भक्तिमय बना रहा।
पालकी और झांकियों ने बढ़ाई शोभा
विसर्जन कार्यक्रम में हठ्ठी माई स्थान दुर्गा पूजा समिति, लोकायन दुर्गा पूजा समिति, शायर स्थान समिति समेत विभिन्न पूजा समितियों की ओर से निकाली गई पालकियों और झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने नम आंखों और जयकारों के बीच मां दुर्गा को विदाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। विसर्जन मार्ग से लेकर घाट तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में 12 थानों की पुलिस, महिला पुलिसकर्मी, पीएसी बल और एलआईयू की टीम भी लगाई गई थी।प्रशासनिक निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.