सिसवा मेले में भावुक कर गया दृश्य! युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह को न्याय दिलाने की उठी मांग
महराजगंज : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सिसवा नगर में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने लोगों को भावुक कर दिया। युवा वैज्ञानिक स्वर्गीय राहुल सिंह के बनाए मिनी ट्रैक्टर को उनकी तस्वीरों और न्याय की मांग से जुड़े पोस्टरों से सजाकर नगर में घुमाया गया। इस दौरान लोगों के मन में राहुल की यादें ताजा हो गईं और उनकी मौत से जुड़े सवाल फिर चर्चा में आ गए।
कम उम्र में किए कई आविष्कार
महराजगंज जिले के सिसवा बाजार क्षेत्र के निवासी राहुल सिंह ने महज 13 वर्ष की उम्र से वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया था। उन्होंने रोटी बनाने की मशीन, बैटरी से चलने वाली पर्यावरण अनुकूल साइकिल और मिनी ट्रैक्टर जैसे आविष्कार किए। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी।
14 जुलाई 2026 को लखनऊ के होटल में मिला था शव
राहुल सिंह 14 जुलाई 2026 को लखनऊ के विभूतिखंड स्थित एक होटल में मृत पाए गए थे। उनकी मौत के बाद परिवार ने मामले को लेकर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद
सिसवा मेले में मिनी ट्रैक्टर पर राहुल की तस्वीरों और न्याय की मांग वाले पोस्टरों को देखकर लोगों ने उनके अधूरे सपनों को याद किया। परिवार की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी तथ्यों और साक्ष्यों को सामने लाया जाए तथा मौत से जुड़े सवालों का जवाब मिले।
एक होनहार युवा वैज्ञानिक की यादें आज भी लोगों के दिलों में हैं। अब परिवार को इंतजार है सच्चाई सामने आने और न्याय मिलने का।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.