सोनबरसा गांव में भीषण हादसा,दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर
महराजगंज : कोठीभार थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में तीनों के पैरों की हड्डियां टूट गईं। घायलों को तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
*प्राप्त जानकारी के अनुसार*, बिहार के बगहा निवासी 25 वर्षीय अमन अपने ससुराल सोनबरसा आया हुआ था। सोमवार को वह बेलवा घाट चौराहे से बाइक लेकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अमन के अलावा चिउटहा निवासी 30 वर्षीय जावेद और सोनबरसा निवासी 14 वर्षीय ब्रह्मानंद घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सिसवा सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता और पैरों की हड्डियां टूटने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.