हिंदू कल्याण मंच की रामलीला के चौथे दिन शबरी भक्ति से लंका दहन तक की लीलाओं ने बांधा समां, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पंडाल

महराजगंज : हिंदू कल्याण मंच के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को भक्ति, समर्पण, मित्रता और पराक्रम से ओत-प्रोत विभिन्न प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी शानदार अभिनय प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से शबरी भक्ति, सुग्रीव मित्रता, बाली वध और लंका दहन के दृश्यों ने खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंच के पदाधिकारियों द्वारा श्रीराम दरबार की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद चौथे दिन की लीलाओं का मंचन प्रारंभ हुआ।

मंचन की शुरुआत शबरी प्रसंग से हुई। भगवान श्रीराम के प्रति शबरी की अटूट श्रद्धा और निष्कपट प्रेम को कलाकारों ने बेहद भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। भगवान राम द्वारा शबरी के प्रेमपूर्वक अर्पित बेर ग्रहण करने का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो उठे। इसके बाद जामवंत-हनुमान संवाद, हनुमान मिलन तथा सुग्रीव से मित्रता के प्रसंगों का मंचन हुआ, जिसने मित्रता, विश्वास और धर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

इसके उपरांत तारा-बाली संवाद और बाली वध की रोमांचक लीला ने दर्शकों को बांधे रखा। कथा को आगे बढ़ाते हुए अशोक वाटिका में माता सीता और हनुमान जी के संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके बाद वाटिका विध्वंस, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन की लीला ने पूरे वातावरण को रोमांचित कर दिया।

हनुमान जी द्वारा लंका दहन का दृश्य प्रस्तुत होते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, साहस, मित्रता और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश मिला।

इस अवसर पर उमेश जायसवाल, विनोद जायसवाल, अनूप जायसवाल, सुनील केसरी, दिनेश सोनी, मंटू भलोटिया, राकेश शर्मा, गोविंद सोनी, पूनम प्रभा सोनी, सत्य प्रकाश तिवारी, मुकुंद सोनी, कृष्ण मुरारी सिंह, अमित लाठ, आनंद रौनियार एवं अमित अग्रवाल सहित हिंदू कल्याण मंच के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.