एस.के.एस.डी. स्कूल में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

महराजगंज : भुजौली स्थित एस.के.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार में रविवार, 1 नवंबर 2026 को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। आशुतोष शिक्षा एवं सेवा संस्थान एवं के.आई.पी.एम. इनोवेटर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कुल 690 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11 बजे तक संपन्न हुई। इसके पश्चात विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने हुनर, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का परिचय देते हुए विभिन्न आकर्षक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। छात्रों के इनोवेटिव प्रोजेक्ट ने उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में के.आई.पी.एम. के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद सिंह, डायरेक्टर इंजीनियरिंग डॉ. जाहिद रियाज खान, एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर वी.पी. सिंह, डीन फार्मेसी डॉ. अभय प्रताप सिंह एवं इनोवेशन मैनेजर पुनीत विश्वकर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का परिणाम दोपहर 12 बजे घोषित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 2100 रुपये तथा तृतीय से दशम स्थान तक के प्रतिभागियों को 1100-1100 रुपये एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, 11 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच प्रोजेक्ट टीमों को भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले प्रमुख मेधावी विद्यार्थियों में नीरज चौधरी (एस.एन.एस.वी.एम.आई.सी., सबया ढाला), सविता मद्धेशिया (आर.एच.आई.सी., निचलौल), विकास पटेल (एस.के.एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार), दिप्पू जायसवाल (चोखराज टी.एस.वी.एम.आई.सी., सिसवा बाजार) एवं रिया जायसवाल (एस.बी.एस.आई.सी., घुघली) सहित कुल 21 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत सिंह एवं समस्त शिक्षक-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विज्ञान, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक बेहतर मंच प्रदान किया।


रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.