सोनौली में ड्रग विभाग और SSB का बड़ा एक्शन, दर्जनों मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी से मचा हड़कंप
महराजगंज : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के सोनौली कस्बे में बुधवार को ड्रग विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कस्बे की दर्जनों दवा दुकानों पर पहुंचकर दवाओं की जांच की और संदिग्ध दवाओं के नमूने एकत्र किए।
छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में ड्रग विभाग की टीम और SSB के इंस्पेक्टर सहित सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। टीम ने मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता, वैधता और बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। साथ ही दुकानदारों के लाइसेंस भी खंगाले गए।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नकली और नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसी क्रम में मेडिकल स्टोरों से दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। उन्होंने दवा कारोबारियों को निर्देश दिया कि चिकित्सक के पर्चे के आधार पर ही संबंधित दवाओं की बिक्री सुनिश्चित करें और नियमों का पूरी तरह पालन करें।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली में नशीली और नकली दवाओं के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए हुई इस संयुक्त कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र में अचानक हुई छापेमारी के बाद मेडिकल कारोबारियों में खलबली मची हुई है। अब जांच में लिए गए दवाओं के नमूनों की रिपोर्ट पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं।
रिपोर्टर : श्रवण यादव

No Previous Comments found.