52 वर्षों से आस्था और परंपरा का प्रतीक बना पैकौली कला का हनुमान महोत्सव, दो दिवसीय आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
महराजगंज : निचलौल विकासखंड की ग्राम सभा पैकौली कला में पिछले 52 वर्षों से आयोजित हो रहा ऐतिहासिक हनुमान महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, आकर्षक झांकियां, विशाल दंगल, प्रतिभा सम्मान समारोह और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और क्षेत्रीय दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के संयोजक रितेश पांडेय ने बताया कि पैकौली कला में हनुमान महोत्सव का आयोजन लगातार 52 वर्षों से किया जा रहा है। यह महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बन चुका है।
पूनम तिवारी के भजनों और दीपक की झांकियों से भक्तिमय हुआ माहौल
महोत्सव के प्रथम दिन बुधवार को विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन-अर्चन और सुंदरकांड पाठ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भजन गायिका पूनम तिवारी ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं दीपक द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का आयोजकों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर डॉ. पंकज तिवारी, आलोक शर्मा, अरुण पांडेय (चेयरमैन, गन्ना समिति), राव साहब बड़हरा, महंत संकर्षण दास जी, सपा नेता रामनिवास यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दंगल में पहलवानों ने दिखाए दमखम और शानदार दांव-पेच
महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित भव्य दंगल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। अलग-अलग स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और दर्शक मौजूद रहे।
दंगल के दौरान सिसवा नगरपालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल, सिसवा स्टेट के अंकित बाबू तथा राजेंद्र पटेल जी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं को मिला सम्मान
देर शाम आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा और उपलब्धियां हासिल करने वालों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि धर्मवीर पटेल, शंकराचार्य पटेल और सुशील टोबडेवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रियंका तिवारी और अनु लाल यादव की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
महोत्सव के अंतिम चरण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। भोजपुरी की सुपरस्टार गायिका प्रियंका तिवारी और भोजपुरी गायक अनु लाल यादव ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं एंकर अवधराज चौधरी ने अपने शानदार संचालन से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में दर्शक गीत-संगीत का आनंद लेते रहे।
52 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा पैकौली कला का यह हनुमान महोत्सव आज भी क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है। आयोजन की भव्यता और लोगों की सहभागिता ने एक बार फिर इसकी ऐतिहासिक परंपरा को गौरवान्वित किया।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.