सिसवा नगर के 23 छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

महराजगंज - लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व सूर्यषष्ठी (डाला छठ) सिसवा नगर में भक्तिमय माहौल और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर के सभी 23 छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने तक पूरा नगर छठी मइया की भक्ति में सराबोर रहा।

छठ महापर्व को लेकर नगर के श्रीरामजानकी मंदिर, पोखरा टोला, खेड़खड़ा नाला सहित सभी 23 छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रविवार दोपहर से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, अन्न एवं अन्य पूजन सामग्री सजाकर विधि-विधान से भगवान सूर्य की उपासना की। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की।

छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट

छठ घाटों पर श्रद्धा के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पारंपरिक छठ गीतों, भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु परिवारों ने मनौती पूर्ण होने की कामना के साथ पारंपरिक विधि-विधान से कोशी भी भरी। छठ पर्व के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामाजिक समरसता और पारिवारिक सुख-समृद्धि का संदेश भी देखने को मिला।

अध्यक्ष प्रतिनिधि ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

महापर्व के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल एवं वार्ड सभासद अक्षनी सोनियार ने प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं अधिशासी अधिकारी विद्याचल ने भी प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्रीरामजानकी मंदिर और पोखरा टोला घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, नगर चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य, उपनिरीक्षक, महिला उपनिरीक्षक सहित पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी प्रमुख घाटों पर मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों की निगरानी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना की।

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का हुआ समापन

सोमवार की भोर होते ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पुनः छठ घाटों पर पहुंचीं। सूर्योदय के समय भगवान भास्कर की महाआरती की गई। दीपों की जगमगाहट,शंखध्वनि और छठी मइया के जयकारों के बीच व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का पारंपरिक रूप से समापन हुआ। व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया तथा परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित किया।


रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.