अमित अंजन बने महराजगंज के स्वीप आइकॉन, मतदान प्रतिशत बढ़ाने की मिली जिम्मेदारी
महराजगंज : प्रसिद्ध गायक एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन को आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 और विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद महराजगंज का स्वीप आइकॉन बनाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने प्रदेश निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
स्वीप आइकॉन बनाए जाने पर अमित अंजन ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले चुनावों में भी जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया था। उनके प्रयासों से महराजगंज ने अंतिम चरण में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत का कीर्तिमान बनाया था, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
उन्होंने कहा कि संगीत, नाटक, नृत्य और लोककलाएं आम जनमानस को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इसी के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव में महराजगंज का मतदान प्रतिशत प्रदेश में सर्वाधिक रहे, इसके लिए नए वीडियो, गीत और नाटकों की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद इन्हें जल्द जारी किया जाएगा। अमित अंजन ने नवागत जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन और सभी संबंधित लोगों के सहयोग से मतदान जागरूकता का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.