हाईटेंशन हादसे में माता-पिता को खोने वाले मासूमों का सहारा बने पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल
महराजगंज : महराजगंज सिसवा विधानसभा क्षेत्र के कैमा गांव में हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से माता-पिता को खो चुके मासूम बच्चों की पीड़ा सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।इस हृदयविदारक हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के सिसवा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुशील टिबड़ेवाल ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने अनाथ हुए बच्चों का दुख-दर्द साझा किया, परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और बच्चों की शिक्षा, परवरिश तथा भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बीते 16 नवंबर को कैमा गांव निवासी रामाधार गौड़ (37) पुत्र केदार गौड़ अपनी पत्नी पुष्पा (34) और 14 वर्षीय बेटी गुड्डी के साथ छठ पर्व के बाद घर की छत पर लगी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में रामाधार और उनकी पत्नी पुष्पा की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी बेटी गुड्डी को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। रामाधार के बेटे टिंकू (15) और पवन (10) के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है, जबकि उनकी बहन गुड्डी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। परिवार के बुजुर्ग दादा केदार गौड़ के सामने अब बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य को संवारने की बड़ी चुनौती है।पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सुशील टिबड़ेवाल ने बच्चों को ढांढस बंधाया और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि माता-पिता को खो चुके इन मासूम बच्चों को इस संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। उनकी पढ़ाई, परवरिश और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समाज के साथ-साथ सरकार को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने बच्चों को मृतक आश्रितों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।इस दौरान पूर्व मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिजली की ऐसी असुरक्षित लाइनें आम लोगों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा हैं। संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेकर ऐसी लाइनों को सुरक्षित कराने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को इस तरह की दर्दनाक त्रासदी से न गुजरना पड़े। उन्होंने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए।पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और बच्चों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाने के बाद सुशील टिबड़ेवाल ने गांव के अन्य लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिया।इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, इनमें सपा के जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा, तैयब अंसारी, विजय तिवारी, प्रवीण कुमार सिंह, राकेश सिंह रिंकू, गुड्डू पांडेय, जिला पंचायत सदस्य राम आशीष यादव, हीरालाल ज़ख़्मी, विमलेश पटेल, अभिनंदन पांडेय, दिनेश यादव, गोपाल अग्रवाल, कृष्णा रौनियार, इंद्रजीत गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता

No Previous Comments found.