पिता का साया छिना, हौसलों ने दिलाई नई पहचान,एसएससी जीडी में चयन

महराजगंज : कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो परिस्थितियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है एक्सीलेंस लाइब्रेरी कोचिंग सेंटर, चिउटहा बाजार से अध्ययनरत छात्र राकेश चौहान ने। आर्थिक तंगी, पिता का साया उठने और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच राकेश ने आखिरकार एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

राकेश मूल रूप से ग्राम बेलवा, पोस्ट कैमा, थाना कोठीभार के निवासी हैं। उनके पिता शंकर चौहान का पूर्व में निधन हो चुका है। चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर होने के कारण बड़ी बहन की शादी के बाद परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ भी उनके कंधों पर आ गया। परिवार का भरण-पोषण मजदूरी के सहारे होता रहा है। ऐसे कठिन हालात में भी राकेश ने अपने सपनों से समझौता नहीं किया।
वर्ष 2019 से ही राकेश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान उन्हें कई आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य और मेहनत का दामन नहीं छोड़ा। लगातार छह वर्षों तक संघर्ष करने के बाद वर्ष 2026 में एसएससी जीडी में सफलता हासिल कर उन्होंने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने हार मान लेती हैं।
राकेश की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वही लाइब्रेरी में संस्थान में अध्यनरत विनय यादव, शमसाद अंसारी, जहरुद्दीन अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी, इद्रीश अली, संजना कसौधन , रामानुज पाण्डेय, हरिकेश कुमार, सुप्रिया गुप्ता, शैलपुत्री कसौधन ने मुह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दिया,
वही एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि राकेश की सफलता केवल एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों से जूझ रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। राकेश जैसे विद्यार्थियों की सफलता दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा है।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.