सिसवा नगर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 25 करोड़ की कार्ययोजना को शासन में मिली पहल

महराजगंज - सिसवा बाजार नगर पालिका क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में पहल तेज हो गई है। नगर में सड़क, नाली और पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत 25 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने 4 सितंबर 2026 को इस संबंध में शासन को पत्र भेजकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था। इसके क्रम में प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने 18 सितंबर 2026 को पत्र जारी कर संबंधित प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव को भेज दिया है।

इस कार्ययोजना के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण और पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए 2500 लाख रुपये यानी 25 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का मामला शासन के समक्ष रखा गया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिज जायसवाल ने कहा कि* नगर का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 25 करोड़ रुपये की कार्ययोजना से सिसवा नगर में सड़क, नाली और पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे नगरवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

शासन स्तर पर प्रस्ताव आगे बढ़ने से सिसवा नगर के विकास को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्तावित विकास कार्यों का रास्ता साफ हो सकेगा।

 

रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.