सबया ताल में भीषण आग से 4.30 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख, आठ किसानों को भारी नुकसान
महराजगंज : कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया ताल में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से गन्ने के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। किसानों और ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। इस अग्निकांड में करीब 4.30 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इससे प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
आग की चपेट में आने से किसान नंदू चौरसिया, आनंद चौरसिया, राजकुमार यादव, विनोद यादव, देवेंद्र कुशवाहा, राजेंद्र, लोरिक और प्रेम प्रसाद की गन्ने की फसल नष्ट हो गई। किसानों के अनुसार गन्ने की फसल उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में तैयार होती फसल के जल जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही कोठीभार पुलिस, हल्का लेखपाल चंदन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी आग बुझाने में जुट गए। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कई किसानों की मेहनत से तैयार गन्ने की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
*योजना के तहत किसानों को मिल सकती है सहायता*
घटना के संबंध में जब हल्का लेखपाल चंदन से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि आग से प्रभावित किसान मुख्यमंत्री खेत कल्याण योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद संबंधित प्रक्रिया के अनुसार नुकसान का आकलन और जांच की जाएगी। पात्र किसानों को नियमानुसार फसल नुकसान की सहायता राशि प्राप्त हो सकती है। उन्होंने प्रभावित किसानों से योजना के तहत आवेदन करने की अपील की।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.