राष्ट्रीय कीर्तनकार सम्मेलन में स्वास्थ्य प्रबोधन की जिम्मेदारी किरण वाटारे को
पुणे : आळंदी में दिनांक 21 दिसंबर 2025 को आयोजित होने जा रहे समस्त कीर्तनकार महाराजों के राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए विद्वान, अनुभवी एवं प्रख्यात कीर्तनकार भाग लेंगे। यह सम्मेलन पूरे दिन चलने वाला एक राष्ट्रीय स्तर का आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और वैचारिक आयोजन है।
इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में स्वास्थ्य विषय पर प्रबोधन के लिए रसाहार डाएट मार्गदर्शक किरण वाटारे को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। हजारों कीर्तनकारों की उपस्थिति में स्वास्थ्य पर मार्गदर्शन देने का यह अवसर उनके 12 वर्षों के तपसाध्य कार्य का फल माना जा रहा है।
किरण वाटारे वर्ष 2014 से रसाहार डाएट के माध्यम से स्वास्थ्य प्रबोधन का कार्य कर रहे हैं। अब तक उन्होंने देश-विदेश में प्रत्यक्ष व ऑनलाइन माध्यम से सैकड़ों सेमिनार आयोजित किए हैं। ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका सहित कई देशों में उनके कार्यक्रमों को व्यापक प्रतिसाद मिला है। उनके अनेक प्रबोधन कार्यक्रमों के वीडियो यूट्यूब पर उपलब्ध हैं।
सम्मेलन में वे अभंगों व श्लोकों के माध्यम से स्वास्थ्य, जीवनशैली और शरीर शुद्धि का महत्व सरल भाषा में प्रस्तुत करेंगे। कोरोना काल में भी उन्होंने 118 गांवों में जाकर रसाहार के माध्यम से रोग प्रतिकारक शक्ति बढ़ाने पर जनजागरण किया था।
उनकी रसाहार डाएट विषयक पुस्तक की अब तक 20 हजार से अधिक प्रतियां देश-विदेश में पाठकों तक पहुंच चुकी हैं। उनकी पत्नी पल्लवी किरण वाटारे भी रसाहार सेमिनारों में कच्चे आहार पर आधारित भोजन बनाकर लोगों को प्रत्यक्ष अनुभव कराती हैं।
किरण वाटारे का कहना है कि “रसाहार कोई इलाज नहीं, बल्कि शरीर की शुद्धि की प्रक्रिया है। नियमित शरीर शुद्धि से अनेक रोगों से बचाव संभव है।”
राष्ट्रीय कीर्तनकार सम्मेलन में होने वाला उनका यह प्रबोधन कार्यक्रम यूट्यूब के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे दूर-दराज के लोग भी इसका लाभ ले सकेंगे।
रिपोर्टर : प्रभव चंद्रकांत काले

No Previous Comments found.