चुनाव अवधि में धारदार हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार

पुणे : जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों की पृष्ठभूमि में लागू कड़े पुलिस बंदोबस्त के तहत बारामती तालुका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को तलवार और कोयता जैसे धारदार हथियारों के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संत तुकाराम महाराज पालखी महामार्ग पर रूई ब्रिज परिसर में की गई।

दि. 2 फरवरी को चुनाव के मद्देनज़र पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को एक पत्रकार के माध्यम से पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक होंडा यूनिकॉर्न दोपहिया वाहन पर तलवार व कोयता लेकर एमआईडीसी से भवानी नगर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और रूई ब्रिज के नीचे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान ओंकार रामचंद्र काले (उम्र 19 वर्ष, निवासी सणसर, तालुका इंदापुर, जिला पुणे) के रूप में हुई। उसकी दोपहिया के बाईं ओर रखी सफेद रंग की थैली से दो लोहे की तलवारें एवं एक धारदार कोयता बरामद हुआ। पंचों की उपस्थिति में पुलिस ने सभी हथियारों सहित दोपहिया वाहन को जब्त किया।

जब्त सामग्री का विवरण:

होंडा यूनिकॉर्न दोपहिया (एम.एच. 42 बी.जी. 7377) – अनुमानित मूल्य ₹30,000

पीतल की मूठ वाली तलवार (67 सेमी) – ₹1,500

लोहे की तलवार (45 सेमी) – ₹500

धारदार लोहे का कोयता – ₹300


कुल जब्त माल की अनुमानित कीमत ₹32,300 बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 4(25) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल, अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन राठोड के मार्गदर्शन में बारामती तालुका पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर यादव, पुलिस उपनिरीक्षक अमोल कदम तथा पुलिस कर्मचारी सुरेंद्र वाघ, मनोज पवार, अवधूत शिंदे, भारत खारतोडे, दादा दराडे ने की।

“कानून एवं व्यवस्था बिगाड़ने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध हथियार रखना, दहशत फैलाना, धमकी देना या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” सुदर्शन राठोड, उपविभागीय पुलिस अधिकारी

“यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या जानकारी मिले, तो नागरिक तुरंत बारामती तालुका पुलिस से संपर्क करें। कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” चंद्रशेखर यादव, पुलिस निरीक्षक

“चुनाव की पृष्ठभूमि में कोई भी कानून हाथ में न ले। अपराधियों की हर गतिविधि पर बारामती पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी अनुचित कृत्य का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” गणेश बिरादार, अपर पुलिस अधीक्षक, बारामती विभाग

रिपोर्टर : प्रभव शोभा चंद्रकांत काले 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.