अबूझमाड़ अभियान में बड़ा घटनाक्रम, 3 माओवादी ढेर; C-60 जवान शहीद
गडचिरोली : अबूझमाड़ के दुर्गम जंगल क्षेत्र में चल रहे सुरक्षा बलों के अभियान को लेकर आज अहम जानकारी सामने आई है। घटनास्थल से आज सुबह दो और माओवादियों (एक पुरुष व एक महिला) के शव बरामद किए गए हैं। इससे पहले एक माओवादी का शव मिल चुका था। अब तक कुल 3 माओवादी (2 पुरुष, 1 महिला) मारे जा चुके हैं।
सुरक्षा बलों ने मारे गए माओवादियों के पास से एक AK-47 और एक SLR राइफल भी बरामद की है। फिलहाल तीनों माओवादियों की पहचान नहीं हो पाई है।
इस अभियान के दौरान C-60 के जवान दीपक चिन्ना मडावी (उम्र 38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे वर्तमान में अहेरी निवासी तथा मूल रूप से मांडरा, दामरांचा, तहसील अहेरी के रहने वाले थे। आज तड़के उन्हें अबूझमाड़ के घने जंगल से हेलिकॉप्टर की मदद से उपजिला अस्पताल भामरागढ़ लाया गया था, लेकिन अभियान के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण उनका निधन हो गया। देश की सेवा में उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
वहीं, इसी अभियान में एक अन्य जवान जोगा मडावी (निवासी किष्टयापल्ली) भी रात के समय गोली लगने से घायल हो गए थे। उन्हें भी हेलिकॉप्टर से सुरक्षित बाहर निकालकर भामरागढ़ अस्पताल लाया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, और उन्हें जल्द ही हेलिकॉप्टर से गडचिरोली स्थानांतरित किया जाएगा।
घटनास्थल और आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है। गडचिरोली पुलिस द्वारा आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.