CRPF 09 वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत जरूरतमंदों को सहायता वितरण

गडचिरोली : गडचिरोली जिले की नक्सल प्रभावित अहेरी तहसील में स्थित केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल ( CRPF) की 09वीं बटालियन द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद गरीब नागरिकों की सहायता हेतु विविध सामाजिक उपक्रमों का आयोजन किया गया।

देचलीपेटा में स्थित CRPF 09वीं बटालियन की ‘सी’ कंपनी द्वारा आस-पास के गांवों विरसहाड़, देचली, तोडका, सिन्ना, कोंजेड, कामसूर, मिट्टीगुडम, मुखनपल्ली, पेटा, कोडसापल्ली एवं असली के जरूरतमंद नागरिकों को रसोई का सामान वितरित किया गया। इसके साथ ही सरकारी विद्यालय पेटा एवं सरकारी विद्यालय देचली के विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रदान किए गए। गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया।
यह कार्यक्रम CRPF 09वीं बटालियन के कमांडेंट श्री शंभू कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 07/02/2026 को ‘सी’/09 बटालियन देचलीपेटा परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी श्री सत्य नारायण मीणा ने की।
इस अवसर पर ‘सी’ कंपनी देचलीपेटा के समवाय अधिकारी श्री इलंगोवन ए., सहायक कमांडेंट , सब पुलिस स्टेशन देचलीपेटा के पीएसआई पवन बंडे ( PSI) दिनेश राउत, सरकारी स्कूल पेठा के प्राचार्य श्री संतोष अंकुलु कांबळे, देचली के प्राचार्य नीलेश मनोहर, कोंजेड की सरपंच सुनीता मडावी एवं देचलीपेठा के सरपंच दिवाकर मडावी सहित कंपनी के समस्त अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। गांव के प्रबुद्ध नागरिकों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए CRPF का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि CRPF द्वारा समय-समय पर ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सहायता प्रदान की जाती है, जिससे पुलिस-जनसंपर्क और अधिक सशक्त हो रहा है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.