शिवसेना की मांग: मृतप्राय स्वास्थ्य व्यवस्था को दें जीवनदान, भामरागढ़ में ब्लड बैंक व नई एंबुलेंस की जरूरत

गढ़चिरौली : महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के गडचिरोली जिले के अहेरी उपविभाग तथा भामरागढ़ तालुका के प्रथम दौरे के अवसर पर शिंदे गुट की शिवसेना ने क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को पुनर्जीवित करने की मांग की है। पार्टी के जिला प्रमुख राकेश बेलसरे के मार्गदर्शन में तालुका प्रमुख सुधाकर तीम्मा एवं पदाधिकारियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि भामरागढ़ तालुका अति दुर्गम एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां एक उपजिला अस्पताल, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 20 उपकेंद्र तथा दो स्वास्थ्य पथक स्वीकृत हैं। इसके बावजूद पूर्णकालिक चिकित्सा अधीक्षक, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बालरोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर तथा अन्य आवश्यक कर्मचारियों की भारी कमी है।
इस कमी के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता और गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है। लंबी दूरी, आर्थिक कठिनाइयों और परिवहन की समस्या के कारण गरीब आदिवासी मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, यहां तक कि कुछ मामलों में मरीजों की जान भी चली गई है।

शिवसेना ने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग के सभी रिक्त पद तत्काल भरे जाएं और भामरागढ़ उपजिला अस्पताल को स्वीकृत दर्जे के अनुसार पूरी तरह कार्यान्वित किया जाए। ग्रामीण अस्पताल परिसर में निष्क्रिय पड़े ऑक्सीजन प्लांट को तुरंत शुरू करने की भी मांग की गई।कोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नई इमारत का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन वहां पूर्णकालिक डॉक्टर, स्टाफ और सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। वहीं ताडगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इमारत का निर्माण भी शीघ्र शुरू करने की मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में एनीमिया की समस्या गंभीर है और गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर मरीजों को बार-बार रक्त की आवश्यकता पड़ती है, इसलिए भामरागढ़ में तत्काल ब्लड बैंक स्थापित किया जाए।
इसके अलावा अधिकांश एंबुलेंस खराब स्थिति में होने से मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। इसलिए प्रत्येक अस्पताल में नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

इस अवसर पर विनोद पुनघाटी, जगदीश दुर्वा, रानू लेकमी, चमरू वेड़ा, रामजी माड़वी, मनोज वाचमी, संतोष पुनघाटी, बंडू वाचकी, मधुकर तेलामी, चैतू पीडसे, जगन्नाथ ताडो, रमेश तीम्मा, लेबु दुर्वा, अजेय कुमटी, सूरज दुर्वा, अमर नोरोटी, लालसू दुर्वा, दिनकर मड़कामी, सुरेश तेलामी, उर्मिला पुनघाटी, मनकी अबका, विजय पुनघाटी, राहुल हेडो, शंकर माजी सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित थे।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.