लॉयड्स मेटल्स के सहयोग से कमलापुर एलिफेंट कैंप में हाथी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफल; विकास के लिए आर्थिक मदद
गडचिरोली : महाराष्ट्र के कमलापुर स्थित कमलापुर एलिफेंट कैंप में आयोजित हाथी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण पहल को Lloyds Metals and Energy Limited (LMEL) का मजबूत सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे हाथी प्रबंधन और संरक्षण प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
17 से 23 फरवरी 2026 के दौरान आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाथियों और महावतों की कौशल वृद्धि, आपसी तालमेल, सुरक्षा तथा कार्यक्षमता को मजबूत करना था। कार्यक्रम कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में अनुभवी महावतों और पशुचिकित्सा विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए हाथियों को आदेश देने की वैज्ञानिक पद्धति, उनके व्यवहार की समझ, कंडिशनिंग तकनीक, मानवीय तरीके से संचालन, अनुशासन, स्वास्थ्य परीक्षण और नियमित निरीक्षण जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
इस प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने के लिए विशेषज्ञ दल Teppakadu Elephant Camp तथा Mudumalai Tiger Reserve से आमंत्रित किया गया था। आयोजकों के अनुसार बाहरी विशेषज्ञों की सहभागिता से प्रशिक्षण का स्तर काफी ऊँचा रहा और स्थानीय टीम को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
वन विभाग और LMEL के संयुक्त प्रयासों से हाथी प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी, वहीं कमलापुर एलिफेंट कैंप की कार्यक्षमता और पर्यटन आकर्षण बढ़ने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
कार्यक्रम के दौरान कैंप के विकास हेतु LMEL द्वारा लगभग ₹34.53 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही बुनियादी ढांचे तथा अन्य सुविधाओं के उन्नयन के लिए कंपनी द्वारा लगभग ₹40 लाख अतिरिक्त खर्च किए जाने की योजना है। इससे क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समापन समारोह में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस पहल से हाथी संरक्षण, बेहतर प्रबंधन और पर्यटन विकास को नई मजबूती मिलने का विश्वास व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार


No Previous Comments found.