पुणे में एलपीजी सिलेंडर की कमी पर बढ़ी चिंता, युवा कांग्रेस ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
हवेली : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच पुणे शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इस समस्या से शहर के घरों के साथ-साथ व्यवसाय और उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं।
इस मुद्दे को उठाते हुए अक्षय जैन ने महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पुणे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया है कि कई नागरिकों को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनके रोजमर्रा के खाना बनाने के काम में बाधा आ रही है। गैस की कमी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, हॉस्टल, कैटरिंग सेवाओं और शादी समारोहों पर भी पड़ रहा है, क्योंकि इस समय विवाह का सीजन भी चल रहा है।
इसके अलावा यह भी चिंता जताई गई है कि गैस आपूर्ति में बाधा आने से पाउडर कोटिंग यूनिट, लघु उद्योग और एलपीजी पर निर्भर कई मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों का काम भी प्रभावित हो सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने कुछ इलाकों में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी होने का भी आरोप लगाया है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की विशेष जांच की जाए, एलपीजी शिकायतों के लिए एक विशेष हेल्पलाइन शुरू की जाए और जमाखोरी तथा अवैध बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों और व्यापारियों को गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
रिपोर्टर : यश सोलंकी

No Previous Comments found.