चालक पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2024-25 की लिखित परीक्षा संपन्न

गडचिरोली :  गडचिरोली जिला पुलिस द्वारा चालक पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2024-25 (प्रत्यक्ष भर्ती 2026) के अंतर्गत लिखित परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। यह भर्ती प्रक्रिया कुल 27 पदों के लिए जारी है। आज दिनांक 18 मार्च 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा पूरी तरह अनुशासित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

इससे पहले 11 मार्च से 13 मार्च 2026 तक गडचिरोली पुलिस मुख्यालय के मैदान में मैदानी परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) आयोजित किया गया था। इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर कुल 392 उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया। इनमें से 389 उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि महिला उम्मीदवारों की उपस्थिति 100 प्रतिशत रही।
लिखित परीक्षा सुबह 10:00 बजे से शुरू हुई, जिसमें पहला पेपर सामान्य अध्ययन विषय का 10:00 से 11:30 बजे तक लिया गया। इसके बाद दूसरा पेपर गोंडी और माडिया भाषा विषय पर दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक आयोजित किया गया। यह परीक्षा गडचिरोली पुलिस मुख्यालय स्थित शहीद पांडु आलाम सभागार में आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। कुल 72 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। उम्मीदवारों को प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया भी अपनाई गई। दोनों पेपर के बीच उम्मीदवारों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी।
गडचिरोली पुलिस विभाग ने समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से उम्मीदवारों को आवश्यक सूचनाएं प्रदान कीं, जिससे कोई भी पात्र उम्मीदवार परीक्षा से वंचित न रहे। अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ यह पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई।
यह परीक्षा पुलिस अधीक्षक श्री नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी श्री कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) श्री गोकुल राज, सहायक पुलिस अधीक्षक श्री अनिकेत हिरड़े, पुलिस उप-अधीक्षक (अभियान) श्री विशाल नागरगोजे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुरखेडा श्री रविंद्र भोसले के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
साथ ही, आगामी 22 मार्च 2026 को गडचिरोली जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7003 उम्मीदवार पुलिस कांस्टेबल पद के लिए लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.