चलती बस में पर्स चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह को स्थानीय अपराध शाखा ने पकड़ा
वाशिम : चलती बस में यात्रियों की पर्स चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह को स्थानीय अपराध शाखा, वाशिम की टीम ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से बसों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 मार्च 2026 को एक महिला यात्री रिसोड से उमरखेड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान अनसिंग के पास चलती बस में उनकी पर्स चोरी हो गई। पर्स में सोने के आभूषण और नकद राशि थी। इस संबंध में अनसिंग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली कि कुछ महिलाएं चोरी के इरादे से वाशिम बस स्थानक परिसर में घूम रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रदीप परदेशी के नेतृत्व में टीम ने बस स्थानक परिसर में निगरानी रखी।
जांच के दौरान संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बस में पर्स चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया गया माल बरामद किया है। पुलिस को आशंका है कि इन महिलाओं से अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
इसी दौरान रिसोड पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा, वाशिम की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई।
रिपोर्टर : नागेश अवचार

No Previous Comments found.