बंदूकपल्ली फाटे पर प्रवासी निवारा पर अवैध कब्जा, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

मुलचेरा / आलापल्ली (गडचिरोली) :आलापल्ली–मुलचेरा मुख्य मार्ग पर भवानीपूर गांव से कुछ दूरी आगे बंदूकपल्ली फाटे पर बना सरकारी प्रवासी निवारा इन दिनों अवैध कब्जे के कारण चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस प्रवासी निवारा पर बिप्लव बिरेन मुजुमदार भवानीपूर रहिवाशी नामक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, जिससे यहां रुकने वाले यात्रियों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह प्रवासी निवारा सड़क से गुजरने वाले यात्रियों, बस की प्रतीक्षा करने वाले ग्रामीणों तथा बारिश और धूप से बचने के लिए बनाया गया था। लेकिन वर्तमान में इस पर निजी कब्जा होने के कारण आम नागरिक इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। कई बार यात्रियों को तेज धूप और बारिश में सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है, जिससे प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सरकारी संपत्ति पर खुलेआम कब्जा होने के बावजूद संबंधित प्रशासन और ग्राम पंचायत पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई है। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों का कहना है कि सरकारी संपत्ति की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन यहां साफ तौर पर लापरवाही और गैरजिम्मेदारी दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर अवैध कब्जा हटाए और प्रवासी निवारा को आम जनता के उपयोग के लिए फिर से उपलब्ध कराए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिक आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दे रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि संबंधित प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है या फिर सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे का यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.