देचलीपेठा में “छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर” आयोजित, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

गडचिरोली : मौजा देचलीपेठा स्थित शासकीय आश्रम शाला में सुबह 11 बजे महसूल मंडल स्तरीय “छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर” (टप्पा क्रमांक-1) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार अहेरी श्री दाते ने की।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार (संजय गांधी योजना) कु. कल्पना सुरपाम, भूमी अभिलेख कार्यालय अहेरी के शिरस्तेदार श्री अंभोरे, दुय्यम निबंधक श्री चिलनकर, ग्राम पंचायत पेठा के उपसरपंच श्री नितेश मुलकरी, वैद्यकीय अधिकारी डॉ. सुंदर नैताम, मोजणी अधिकारी प्रवीण गिरिपुंजे, मंडल अधिकारी पेरमिली मुंजमकर मैडम तथा महसूल मंडल जिमलगट्टा के मंडल अधिकारी श्री नितीन नामदेव मेश्राम सहित कई अधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
शिविर में महसूल, स्वास्थ्य, कृषि, भूमी अभिलेख, तहसील कार्यालय (संजय गांधी निराधार योजना), अन्न व नागरी पुरवठा विभाग, दुय्यम निबंधक कार्यालय, एकात्मिक बालविकास प्रकल्प तथा वन विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए। तहसीलदार श्री दाते ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि इन योजनाओं का लाभ अहेरी तालुका के अतिदुर्गम गांवों तक पहुंचाया जाए।
शिविर को सफल बनाने के लिए मंडल अधिकारी श्री मेश्राम एवं उनकी टीम ने दूर-दराज के गांवों में जाकर किसानों और नागरिकों को जागरूक किया तथा उन्हें शिविर में आने के लिए प्रोत्साहित किया। गर्मी के बावजूद लगभग 300 से 400 ग्रामीण एवं किसान शिविर में उपस्थित रहे। सभी के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
प्रत्यक्ष लाभ वितरण
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत नागरिकों को मौके पर ही लाभ वितरित किए गए, जिनमें—
नई एवं डुप्लिकेट ऑनलाइन राशन कार्ड वितरण
वनहक्क अंतर्गत ऑनलाइन 7/12 (सातबारा) वितरण
खेती संबंधी 7/12 व गांव नमुना 8-अ के दस्तावेज
“जिवंत सातबारा” अभियान के तहत वारस फेरफार नोंद पूर्ण कर दस्तावेज वितरण
महत्वपूर्ण उपलब्धियां:
फेरफार प्रकरण निपटान: 26
कलम 155 अंतर्गत दुरुस्ती आवेदन: 37
डिजिटल सातबारा वितरण: 204
गांव नमुना 8-अ ऑनलाइन वितरण: 123
महसुली प्रमाणपत्र वितरण: 135
अद्ययावत सातबारा (जिवंत सातबारा): 165
भो.वर्ग-2 से भो.वर्ग-1 रूपांतरण: 11
अपने अध्यक्षीय संबोधन में तहसीलदार श्री दाते ने 25 मार्च 2026 के शासन निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि “सर्वांसाठी घरे” योजना के तहत 1 जनवरी 2011 तक शासकीय जमीन पर रह रहे पात्र नागरिक 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायत में आवेदन कर अपने अतिक्रमण को नियमित करा सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक मंडल अधिकारी श्री नितीन मेश्राम ने किया, संचालन ग्राम महसूल अधिकारी कु. मीनाक्षी सिडाम ने तथा आभार प्रदर्शन ग्राम महसूल अधिकारी श्री राजेश आत्राम ने किया। शिविर का समापन दोपहर 4 बजे हुआ।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.