अमेरिका में गूंजा महाराष्ट्र दिवस, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में भव्य समारोह
महाराष्ट्र- अमेरिका में महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। बृहन्महाराष्ट्र मंडल (BMM) ऑफ नॉर्थ अमेरिका और न्यू इंग्लैंड मराठी मंडल (NEMM) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन ने विदेश में मराठी संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका में बसे मराठी समुदाय द्वारा भाषा, परंपरा और संस्कृति को सहेजकर रखने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सांसद मिलिंद देवरा भी मौजूद थे।
डॉ. शिंदे इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं, जहां वे Harvard Kennedy School में ‘Strategies for Inclusive Growth’ कोर्स कर रहे हैं। इसी दौरान उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला, जिसे उन्होंने स्वीकार किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “राजा शिवछत्रपति देवगिरी से रायगढ़” नामक नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम और स्वराज्य स्थापना के संघर्ष को जीवंत किया गया। स्थानीय मराठी कलाकारों ने इस प्रस्तुति को बेहद प्रभावशाली ढंग से मंचित किया।
इसके अलावा, बच्चों से लेकर वयस्क कलाकारों तक सभी ने पारंपरिक नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मराठी संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए।
BMM और NEMM जैसी संस्थाएं अमेरिका में मराठी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए वर्षभर सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करती हैं। ये संस्थाएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि विदेश में रहकर भी अपनी संस्कृति से जुड़े रहना अत्यंत सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम न केवल मराठी पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी में अपनी विरासत के प्रति गर्व भी पैदा करते हैं। इस अवसर पर BMM और NEMM की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
रिपोर्टर: दिपक मोरे


No Previous Comments found.