गढ़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल में पहली बार सफल ‘टोटल नी रिप्लेसमेंट’ सर्जरी संपन्न

गढ़चिरोली : गढ़चिरोली जिला सामान्य अस्पताल में पहली बार टोटल नी रिप्लेसमेंट (घुटना प्रत्यारोपण) जैसी जटिल शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई है। जिला सामान्य अस्पताल में इस प्रकार की यह पहली सर्जरी होने से जिले के अस्थि रोगियों के लिए उपचार की नई राह खुल गई है।यह उपलब्धि विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अब तक ऐसी जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को बड़े शहरों के निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में हुई सर्जरी यह शल्यक्रिया जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े तथा अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. छाया उईके के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों तथा ऑपरेशन थिएटर के नर्सिंग एवं सहयोगी कर्मचारियों की टीम ने इस सफल सर्जरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गरीब मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ निजी अस्पतालों में घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी पर सामान्यतः लाखों रुपये का खर्च आता है। अब यही सुविधा शासकीय अस्पताल में उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर तथा दुर्गम क्षेत्रों के मरीजों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने कहा कि, “जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य है। यह पहली सफल सर्जरी हमारी पूरी टीम के समर्पण, मेहनत और जिद का परिणाम है।”

वहीं अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. छाया उईके ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जिला सामान्य अस्पताल में इसी प्रकार की कई आधुनिक शल्यक्रियाएं नियमित रूप से की जाएंगी।इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला सामान्य अस्पताल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चिकित्सा दल को बधाई दी है। इसकी जानकारी जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े ने दी।


रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.