पुणे में PMC कर्मचारी की बेरहमी से हत्या, अवैध संबंधों के शक में दो आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र \ हवेली  : पुणे के आंबेगांव पठार क्षेत्र में रविवार रात हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। पुणे महानगरपालिका (PMC) के जलापूर्ति विभाग में कार्यरत दीपक अशोक क्षीरसागर (उम्र 38 वर्ष) की उनके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच दीपक क्षीरसागर आंबेगांव पठार स्थित इंद्रप्रणी नगर, टेल्को कॉलोनी के समर्थ हाइट्स इमारत के नीचे रात का भोजन करने के बाद टहल रहे थे। इसी दौरान दो हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार किए। इस हमले में अधिक खून बहने के कारण दीपक क्षीरसागर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आंबेगांव पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शरद झिने और उनकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ हाडवे (उम्र 26 वर्ष) और ऋषिकेश गायकवाड़ (उम्र 29 वर्ष) शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या अवैध संबंधों के शक के चलते की गई। पुलिस के अनुसार, संदेह और व्यक्तिगत विवाद के कारण आरोपियों ने यह खौफनाक कदम उठाया।

दीपक क्षीरसागर पुणे महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग में कार्यरत थे। वे विवाहित थे और उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर :  यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.