जनगणना-2027 : 16 मई से घर सूचीकरण एवं गृह गणना चरण शुरू
गढ़चिरौली : जनगणना-2027 कार्यक्रम के अंतर्गत पहला चरण यानी घर सूचीकरण एवं गृह गणना अभियान 16 मई से 14 जून 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इस अभियान के लिए जिले में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिकारियों को आवश्यक जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें। यह जानकारी जिला जनगणना अधिकारी तथा निवासी उपजिल्हाधिकारी आशीष वानखेड़े ने दी।
जनगणना-2027 के तहत घरों को क्रमांक देना, घरों की सूची तैयार करना तथा नागरिकों की प्राथमिक जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके लिए नियुक्त प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे। प्रत्येक परिवार से सही और सटीक जानकारी देने की अपेक्षा की गई है।
प्रशासन के अनुसार, इस पहले चरण में एकत्रित होने वाली जानकारी राष्ट्रीय विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। देश की जनसंख्या, घरों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों से संबंधित आंकड़े सरकार को विभिन्न योजनाओं के निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता करेंगे।
प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर के सदस्यों की जानकारी, घर के उपयोग, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, आवास की स्थिति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। इसलिए नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी प्रकार की शंका न रखते हुए अधिकृत कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जनगणना एक राष्ट्रीय कर्तव्य की प्रक्रिया है और जिले के सभी नागरिकों को इसमें सक्रिय सहभागिता दर्ज कर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.