पुणे ग्रामीण ATS की बड़ी कार्रवाई : पुरंदर के मांडकी गांव से 560 किलो चंदन जब्त, 28 लाख से अधिक का माल बरामद

 (पुणे) : पुणे ग्रामीण आतंकवाद निरोधक पथक (ATS) ने पुरंदर तालुका के मांडकी गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध चंदन का साठा जब्त किया है। इस कार्रवाई में करीब 560 किलो चंदन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 28 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ATS को गुप्त सूचना मिली थी कि मांडकी गांव के एक खेत में चोरी का चंदन छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापा मार कार्रवाई की। खेत में हरे रंग के कपड़े के नीचे बड़ी मात्रा में चंदन के ओंडके छिपाकर रखे गए थे। मौके से बैटरी से चलने वाला कटर तथा दो लोहे के ड्रिल भी बरामद किए गए हैं।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह चंदन चोरी कर अवैध बिक्री के लिए जमा किया गया था। पुलिस ने पूरे साठे को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में प्रतिक प्रमोद खुंटे, निवासी मांडकी, तालुका पुरंदर, के खिलाफ जेजुरी पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 303(2), भारतीय वन अधिनियम तथा महाराष्ट्र वृक्षतोड़ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
यह कार्रवाई पुणे जिला पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल्ल, बारामती के अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार तथा जेजुरी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक वाकचौरे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई को सफल बनाने में ATS के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रकाश पवार, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक महेश गायकवाड, विशाल गव्हाणे, पुलिस हवलदार निलेश कदम, रविंद्र जाधव, पुलिस कर्मी मोसीन शेख, ओंकार शिंदे, जालिंदर मुळीक तथा जेजुरी पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक केशव जगताप सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अब इस मामले में चंदन तस्करी के बड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के तार अन्य जिलों तक जुड़े हो सकते हैं।

रिपोर्टर : संतोष 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.