सिंहगढ़ रोड पर दर्दनाक हादसा: लिफ्ट में फंसने से 7 वर्षीय मासूम की मौत

 हवेली : सिंहगढ़ रोड के निम्बाजनगर क्षेत्र स्थित एक रिहायशी सोसायटी में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। लिफ्ट में कथित रूप से फंसने के कारण सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान शिवांश शैलेश धुत (7) के रूप में हुई है। वह सिंहगढ़ रोड के आनंद नगर इलाके स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट, निम्बाजनगर का निवासी था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शिवांश सोसायटी परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वह अकेले लिफ्ट में चला गया। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का बटन दबाने के बाद लिफ्ट चलने लगी, लेकिन दूसरी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही बीच में फंस गई।

काफी देर तक बच्चा वापस नहीं लौटा तो सोसायटी के लोगों को शक हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान लिफ्ट में खराबी का पता चलने पर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बच्चे को लिफ्ट से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में कोई तकनीकी खराबी सामने नहीं आई है। यह भी जानकारी मिली है कि लिफ्ट का रखरखाव सोसायटी द्वारा किया जा रहा था।

पुणे शहर पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटणकर ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।

रिपोर्टर :  यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.