धान खरीदी केंद्र शुरू करने में देरी से किसानों में नाराजगी, जिलाधिकारी से तत्काल केंद्र चालू करने की मांग
गडचिरोली : सिरोंचा तहसील अंतर्गत अंकिसा गांव के किसानों ने आदिवासी विकास मंडल के धान आधारभूत केंद्र को तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी गडचिरोली को निवेदन सौंपा है। किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष भी धान खरीदी केंद्र समय पर शुरू नहीं होने के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था, और इस वर्ष भी वही स्थिति बनने की आशंका है।
अंकिसा निवासी सुरज शंकर महाराज दुदी द्वारा दिए गए निवेदन में बताया गया है कि गांव का धान खरीदी केंद्र पिछले वर्ष आरमोरी स्थित आदिवासी विकास मंडल केंद्र में स्थानांतरित किया गया था। इससे किसानों को धान परिवहन, भंडारण और अन्य व्यवस्थाओं में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ा और समय पर धान बिक्री नहीं होने से आर्थिक संकट भी गहराया।
निवेदन में कहा गया है कि इस वर्ष भी अब तक धान आधारभूत केंद्र शुरू करने को लेकर कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं किया गया है। संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर “अब तक कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ” ऐसा जवाब दिया जा रहा है। इससे किसानों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अधिकांश किसान आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी पर निर्भर रहते हैं। खेती के लिए लिए गए कर्ज और उधारी चुकाने के लिए समय पर धान बिक्री अत्यंत आवश्यक है। लेकिन खरीदी केंद्र शुरू होने में देरी के कारण कुछ किसान मजबूरी में व्यापारियों और साहूकारों को कम कीमत पर धान बेचने को विवश हो रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि शासन की धान खरीदी योजना का लाभ वास्तविक किसानों तक नहीं पहुंच रहा, जबकि व्यापारी वर्ग इसका फायदा उठा रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अंकिसा में धान आधारभूत केंद्र तत्काल शुरू कर किसानों को राहत प्रदान की जाए।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम


No Previous Comments found.