“जब सूखने लगी गांव की उम्मीद, तब मददगार बनकर पहुँची पुलिस”
गडचिरोली : गडचिरोली जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस विभाग का मानवीय और संवेदनशील चेहरा सामने आया है। पातागुडम पुलिस स्टेशन द्वारा सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मौजा रायगुडम गांव के नागरिकों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए नई पानी की मोटर उपलब्ध कराई गई। इस पहल से गांव में बंद पड़ा जलापूर्ति व्यवस्था फिर से शुरू हो गई और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, रायगुडम गांव की सार्वजनिक कुएं में लगी पुरानी मोटर खराब हो जाने के कारण पूरे गांव में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गांव की इस समस्या की जानकारी मिलते ही पातागुडम पुलिस स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत पहल करते हुए अपने स्वयं के खर्च से नई मोटर खरीदकर गांव को उपलब्ध कराई।
नई मोटर लगने के बाद गांव में पानी की आपूर्ति फिर से सुचारू हो गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांववासियों ने पुलिस विभाग के इस मानवीय कार्य की खुलकर सराहना की और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस सामाजिक उपक्रम ने पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और आत्मीयता को और मजबूत किया है। “जनता के लिए पुलिस” की भावना को साकार करते हुए पुलिस विभाग ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस हमेशा संवेदनशील और तत्पर है।
इस अवसर पर पातागुडम पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी ज्ञानेश्वर धोत्रे, PSI मंगेश कोठावळे, PSI स्वाति बाष्टेवाड तथा पुलिस कर्मचारी मनोज नैताम, सुधीर पोकला, शुभम वैद्य सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामस्थ उपस्थित थे। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे उपक्रम जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.