जुनासुर्ला में दलित बस्ती पर हमला, निष्पक्ष जांच व एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
गडचिरोली : चंद्रपुर जिले के मुल तहसील अंतर्गत जुनासुर्ला गांव में 24 मई 2026 की रात लगभग 8:30 बजे कथित रूप से कुछ जातिवादी प्रवृत्ति के असामाजिक तत्वों द्वारा मादगी बस्ती में घुसकर महिलाओं, बच्चों एवं पुरुषों पर जानलेवा हमला कर मारपीट किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर महाराष्ट्र राज्य मादगी समाज संगठन की ओर से पत्रकार परिषद आयोजित कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
पत्रकार परिषद में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि गांव की मादगी बस्ती में घुसकर महिलाओं, छोटे बच्चों तथा पुरुषों के साथ मारपीट की गई, जिससे समाज में भय और आक्रोश का वातावरण है। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत तत्काल अपराध दर्ज किया जाए।
इस संबंध में संगठन की ओर से मुल पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी तथा संबंधित एसडीपीओ को निवेदन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस प्रशासन आरोपियों को संरक्षण देने का प्रयास करता है अथवा मामले में ढिलाई बरती जाती है, तो महाराष्ट्र राज्य मादगी समाज संगठन की ओर से तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
संगठन के महासचिव शंकर बी. सिटलवार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जातिवादी मानसिकता रखने वाले दंगाई तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो राज्यस्तरीय आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पत्रकार परिषद में डॉ. समय्या जी पसूला (पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष), महाराष्ट्र राज्य मादगी समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) सामाजिक न्याय विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष, गोपाल जी रायपूरे, एडवोकेट विनय बांबोळे, बबलू अक्केवार, बबन पेंदोर, मोहन देवगडे, किशोर पेगडपल्लीवार, भीमराव ईटकेलवार, बोठकावार साहेब सहित समाज संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : संजय यमसलवार

No Previous Comments found.