शिलान्यास के 5 महीने बाद भी नहीं शुरू हुआ वैकुंठ धाम निर्माण, विहिप-बजरंग दल ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

गडचिरोली : अंकिसा ग्राम पंचायत अंतर्गत प्रस्तावित हिंदू श्मशान भूमि (वैकुंठ धाम) के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। 26 जनवरी 2026 को वैकुंठ धाम का भूमिपूजन एवं शिलान्यास बड़े उत्साह और धार्मिक वातावरण में किया गया था, लेकिन करीब पांच महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि वैकुंठ धाम हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। श्मशान भूमि की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों में लोगों को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भूमिपूजन के समय जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।

इसी मुद्दे को लेकर 18 जून 2026 को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, अंकिसा के पदाधिकारियों ने सिरोंचा के तहसीलदार तथा गट विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हिंदू श्मशान भूमि के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत वैकुंठ धाम निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने की मांग की गई है।

संगठनों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि ग्रामवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं और निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द से जल्द काम शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि वैकुंठ धाम केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के हिंदू समाज की मूलभूत आवश्यकता और आस्था से जुड़ा विषय है।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक निर्णय करेगा तथा लंबित निर्माण कार्य को शीघ्र गति प्रदान करेगा।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.