मानवाधिकार आंदोलन को मिलेगी नई धार
गडचिरोली : जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने वाले और भ्रष्टाचार तथा अन्याय के खिलाफ बेबाक आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता मारोती नानाजी कोलावार को भारतीय मानवाधिकार परिषद ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए गड़चिरोली जिला अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से नियुक्त किया है। मुलचेरा तहसील के आंबटपल्ली ग्राम पंचायत अंतर्गत चिचेला गांव निवासी कोलावार की इस नियुक्ति से उनके समर्थकों और सामाजिक क्षेत्र में खुशी की लहर है।
मारोती कोलावार इससे पहले वर्ष 2025 में परिषद के मुलचेरा तालुका अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
पेयजल संकट और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए। वहीं स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से कथित रूप से 1500 रुपये वसूले जाने के मामले को भी प्रमुखता से उठाया। महावितरण अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कर उन्होंने इस मुद्दे पर आंदोलनात्मक भूमिका निभाई, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उन्होंने कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही जरूरतमंद नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
मारोती कोलावार हमेशा से भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार के खिलाफ मुखर रहे हैं। उन्होंने कई मामलों में लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायतें कर जवाबदेही तय करने का प्रयास किया। यही कारण है कि क्षेत्र में उन्हें जनहित के प्रहरी के रूप में देखा जाता है।
उनके इसी संघर्षशील और जनसेवा से जुड़े कार्यों को देखते हुए भारतीय मानवाधिकार परिषद ने उन्हें गड़चिरोली जिले की कमान सौंपी है। अब उनके नेतृत्व में जिले के सभी 12 तहसीलों में परिषद का संगठन विस्तार किया जाएगा तथा मानवाधिकारों के संरक्षण और जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
मारोती कोलावार की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर उनके मित्रों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में मानवाधिकारों की लड़ाई और अधिक मजबूत होगी तथा आम नागरिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम
No Previous Comments found.