वांगेपल्ली शासकीय निवासी विद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया विद्यालय प्रवेशोत्सव एवं पालक सभा

महाराष्ट्र : गडचिरोली जिले के अहेरी तहसील अंतर्गत स्थित वांगेपल्ली के अनुसूचित जाति एवं नवबौद्ध बालकों के शासकीय निवासी विद्यालय में विद्यालय प्रवेशोत्सव एवं पालक सभा का आयोजन बड़े ही उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग, महाराष्ट्र शासन के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित इस विद्यालय में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया तथा उनकी उत्साहवर्धक शोभायात्रा निकाली गई। इसके पश्चात पालक सभा का आयोजन कर अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले, महात्मा ज्योतिराव फुले तथा भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की मुख्याध्यापिका श्रीमती प्रियंका डांगेवार ने की। इस अवसर पर श्री आत्राम तथा श्रीमती गोडबोले विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मुख्याध्यापिका श्रीमती प्रियंका डांगेवार ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता वृद्धि, अनुशासन तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चालू शैक्षणिक वर्ष में विद्यालय को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है तथा पिछले वर्ष की कमियों को दूर कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए विद्यालय परिवार प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री, पाठ्यपुस्तकें, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री, बेडिंग सामग्री, जूते तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। साथ ही "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक शिक्षिका विद्या दहागावकर ने किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए श्वेता येगलोपवार, सुप्रिया आलम, यश पडालवार, सुरज येमुलवार, शिरीन येमुलवार तथा विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम किया।


रिपोर्टर : संजय यमसलवार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.