पुणे के अमनोरा टाउनशिप में लगा महाराष्ट्र का पहला 'एल्गीट्री', स्वच्छ हवा और कार्बन नियंत्रण की नई पहल
महाराष्ट्र \ हवेली : पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हडपसर स्थित अमनोरा टाउनशिप में चार एल्गीट्री (AlgaeTree) यूनिट स्थापित किए गए हैं। इनका उद्घाटन नंदकुमार घुले के हाथों सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध देशपांडे की उपस्थिति में किया गया। अमनोरा टाउनशिप के डेवलपर सिटी कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने इस अभिनव पर्यावरणीय तकनीक को अपनाकर महाराष्ट्र का पहला टाउनशिप बनने का गौरव हासिल किया है।
अमनोरा टाउनशिप में पहले से ही 12 हजार से अधिक बड़े पेड़ और लगभग 40 हजार झाड़ियां मौजूद हैं। इस हरित पहल को साकार करने में नंदकुमार घुले का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अब एल्गीट्री तकनीक के माध्यम से पारंपरिक हरियाली के साथ-साथ स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई है।
एल्गीट्री एक अत्याधुनिक शहरी पर्यावरणीय तकनीक है, जो माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) आधारित जैविक प्रणाली, मैकेनिकल फिल्ट्रेशन, ऑटोमेशन और पर्यावरणीय निगरानी तकनीक का उपयोग कर वायु शुद्धिकरण तथा कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने का कार्य करती है। यह प्रणाली विशेष रूप से उन शहरी क्षेत्रों के लिए विकसित की गई है, जहां जगह की कमी के कारण बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण संभव नहीं होता।
यह प्रणाली आसपास की हवा को खींचकर उसमें मौजूद धूलकणों (PM2.5 और PM10) को फिल्टर करती है और कार्बन डाइऑक्साइड युक्त हवा को माइक्रोएल्गी वाले चैंबर में भेजती है। प्रकाश संश्लेषण (फोटोसिंथेसिस) की प्रक्रिया के दौरान माइक्रोएल्गी कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ती है। स्मार्ट सेंसर और आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाती है।
एल्गीट्री की कार्बन अवशोषण क्षमता समान क्षेत्रफल वाले सामान्य पेड़ों की तुलना में कहीं अधिक मानी जाती है। अनुकूल परिस्थितियों में यह प्रणाली प्रतिवर्ष लगभग 1.5 टन कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करने में सक्षम है।
सौर ऊर्जा से संचालित यह तकनीक बाहरी बिजली पर निर्भरता भी कम करती है। अपने कॉम्पैक्ट आकार के कारण इसे आवासीय टाउनशिप, कॉर्पोरेट कैंपस, व्यावसायिक परिसरों, सार्वजनिक स्थानों तथा स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में आसानी से स्थापित किया जा सकता है। इस पहल के साथ अमनोरा टाउनशिप ने शहरी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है।
रिपोर्टर : यश सोलंकी
No Previous Comments found.