20 साल पुरानी अहेरी–हैदराबाद बस सेवा बंद नहीं होगी! जनदबाव के आगे झुका एसटी विभाग

 गडचिरोली : गडचिरोली जिले के अहेरी से पिछले करीब 20 वर्षों से संचालित लोकप्रिय अहेरी–हैदराबाद एसटी बस सेवा को बंद करने के प्रस्ताव पर फिलहाल रोक लग गई है। भाजपा नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार की पहल और यात्रियों की मांग के बाद महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) विभाग ने बस सेवा जारी रखने पर सहमति जताई है। साथ ही अहेरी आगार से कागजनगर, आसिफाबाद और मंचिरियाल के लिए नई बस सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी वरिष्ठ स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया गया है।

भाजपा नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार ने बताया कि अहेरी–हैदराबाद बस सेवा बंद किए जाने के निर्णय से बड़ी संख्या में यात्रियों में नाराजगी थी। इस संबंध में उन्होंने अहेरी दौरे पर आए एसटी गडचिरोली विभागीय नियंत्रक (डीसी) चंद्रकांत वडस्कर से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की और जनहित को ध्यान में रखते हुए बस सेवा बंद करने का निर्णय तत्काल वापस लेने की जोरदार मांग की।

विभागीय नियंत्रक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अहेरी–हैदराबाद बस सेवा को पूर्ववत जारी रखने की सहमति दी। इस दौरान अहेरी आगार प्रबंधक अंकुश खाडिलकर भी उपस्थित थे।

बैठक में नगरसेवक अमोल गुडेल्लीवार ने यह भी मुद्दा उठाया कि अहेरी के समीप स्थित वांगेपल्ली–गुडेम पुल को बने सात वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस क्षेत्र के लोगों के सामाजिक, पारिवारिक तथा व्यापारिक संबंध तेलंगाना से गहरे जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद अहेरी आगार से अब तक तेलंगाना के लिए एक भी नियमित बस सेवा शुरू नहीं की गई है, जबकि आसिफाबाद डिपो की पांच बसें प्रतिदिन अहेरी तक यात्रियों को लेकर आती हैं। इससे अहेरी आगार को संभावित राजस्व का नुकसान हो रहा है।

इस पर विभागीय नियंत्रक चंद्रकांत वडस्कर ने आश्वासन दिया कि अहेरी से कागजनगर, आसिफाबाद और मंचिरियाल के लिए नई बस सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही नई बस सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस निर्णय से अहेरी सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि हैदराबाद बस सेवा जारी रहने और भविष्य में तेलंगाना के अन्य शहरों के लिए नई बसें शुरू होने से यात्रा सुविधाओं के साथ-साथ व्यापार और सामाजिक संपर्क को भी नई गति मिलेगी।

रिपोर्टर :  चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.