झिंगानूर में मोबाइल टावर के लिए जमीन का निरीक्षण

गड़चिरोली : सिरोंचा तहसील अंतर्गत झिंगानूर गांव में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या को दूर करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गांव में मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए 23 जुलाई 2026 को संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पंचायत समिति के अधिकारियों, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, प्रशासनिक समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

झिंगानूर गांव में लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और सरकारी विभागों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क के अभाव में आपातकालीन संपर्क, ऑनलाइन शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, शासकीय ऑनलाइन कार्य तथा अन्य डिजिटल सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद गड़चिरोली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे ने 17 जुलाई 2026 को झिंगानूर गांव का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर मोबाइल नेटवर्क की समस्या की जानकारी ली थी। इसके बाद गांव में मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए उपयुक्त जगह का चयन कर प्रस्ताव और ग्राम पंचायत का ठराव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में 23 जुलाई को पंचायत समिति सिरोंचा के गटविकास अधिकारी एस. एन. कस्तुरे, विस्तार अधिकारी किशोर वझाडे तथा उपविभागीय दक्षता नियंत्रण समिति की सदस्या नीलिमा कारेजी मडावी की उपस्थिति में झिंगानूर ग्राम पंचायत क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए संभावित जगह का निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच एवं ग्राम पंचायत सदस्य कारेजी मडावी, उपसरपंच शेखर गनारपू, पूर्व सरपंच एवं ग्राम पंचायत सदस्य बोडके गावड़े, समाजसेवक एवं पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य रामचंद्र कुमरे, शिक्षक गोवर्धनगिरी देशू, ग्राम पंचायत प्रशासक एवं ग्रामसेवक दामोदर सिडाम सहित भीमराव कुडमेथे, बापू कोंडागोर्ला, कोरके गावड़े, रमेश गावड़े, ग्राम पंचायत कर्मचारी, प्रशासनिक समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

मोबाइल टावर के लिए स्थल निरीक्षण के बाद संबंधित प्रस्ताव और ग्राम पंचायत का ठराव प्रस्तुत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। यदि झिंगानूर में मोबाइल टावर स्थापित होता है, तो ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शासकीय योजनाओं तथा डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे के दौरे के बाद मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान की दिशा में शुरू हुई इस पहल से झिंगानूर के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। मोबाइल टावर की स्थापना का कार्य जल्द पूरा कर गांव को नेटवर्क सुविधा से जोड़ने की मांग ग्रामीणों ने की है।

रिपोर्टर : संजय यमसलवार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.