छात्रों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल!

देऊलगांव राजा : देऊलगांव राजा तहसील में संचालित कुछ निजी छात्रावास (हॉस्टल) एवं कोचिंग संस्थानों के संबंध में अभिभावकों और विद्यार्थियों की ओर से लगातार विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आने के बाद अखिल भारतीय छावा संगठन ने संबंधित प्रशासनिक विभागों से संयुक्त जांच अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि सभी संस्थान शासन के नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। साथ ही, अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।संगठन के जिला कार्याध्यक्ष संतोष राजे जाधव द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि तहसील के कुछ निजी हॉस्टलों में स्वच्छता का अभाव, निम्न स्तर का भोजन, विद्यार्थियों की सुरक्षा के अपर्याप्त इंतजाम, मनमानी शुल्क वसूली तथा आवश्यक अनुमति, पंजीकरण और अन्य वैधानिक नियमों के पालन को लेकर गंभीर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शैक्षणिक हित प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए प्रशासन को तत्काल संयुक्त जांच अभियान चलाना चाहिए।
संयुक्त जांच में इन बिंदुओं की हो गहन जांच
ज्ञापन के अनुसार तहसील के सभी निजी छात्रावास, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों की संयुक्त जांच कर उनके पास आवश्यक अनुमति, पंजीकरण, अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र, भवन सुरक्षा प्रमाणपत्र तथा अन्य कानूनी दस्तावेजों की जांच की जाए।
इसके साथ ही छात्रावासों में स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, शौचालयों की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी विस्तृत निरीक्षण किया जाए।
भोजन की गुणवत्ता की भी हो जांच
ज्ञापन में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही भोजन तैयार करने वाले रसोईघर की स्वच्छता तथा भोजन बनाने वाले रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है या नहीं, इसकी भी पुष्टि करने की मांग की गई है।
मनमानी फीस और अवैध विज्ञापनों की भी हो जांच
संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि कई हॉस्टलों के विज्ञापन बोर्ड और बैनर मुख्य चौकों तथा सार्वजनिक सड़कों पर बिना अनुमति लगाए गए हैं। इसकी जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा विद्यार्थियों से वसूले जा रहे शुल्क में पारदर्शिता है या नहीं, इसकी भी जांच की जाए। यदि कोई संस्था शासन के नियमों का उल्लंघन करती हुई पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर अभिभावकों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन तत्काल करे कार्रवाई
अखिल भारतीय छावा संगठन के जिला कार्याध्यक्ष संतोष राजे जाधव ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य, स्वास्थ्य और सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। इसलिए प्रशासन इस ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से संयुक्त जांच अभियान चलाए तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

रिपोर्टर : राजेश पंडित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.