गोवंश तस्करी पर गडचिरौली पुलिस का बड़ा शिकंजा

गडचिरोली : अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ गडचिरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 गोवंशीय पशुओं को कथित रूप से अवैध और बेरहमी से ले जा रहे दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। स्थानीय अपराध शाखा और कुरखेड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप और 19 गोवंशीय पशुओं समेत कुल 19 लाख 65 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अगस्त की रात स्थानीय अपराध शाखा को सूचना मिली कि कुरखेड़ा थाना क्षेत्र के गेवर्धा गांव से केशोरी मार्ग पर दो वाहनों से अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और कुरखेड़ा पुलिस की टीम ने गेवर्धा गांव के पास जाल बिछाकर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद गेवर्धा-केशोरी मार्ग पर एक ट्रक और महिंद्रा बोलेरो पिकअप संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली तो उनमें गोवंशीय पशुओं को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। पशुओं के परिवहन से संबंधित आवश्यक अनुमति या लाइसेंस भी आरोपियों के पास नहीं मिला।

तलाशी के दौरान ट्रक क्रमांक TG 12 U 4896 में 11 गाय और 2 बैल, जबकि महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 4601 में 4 गाय और 2 बैल मिले। दोनों वाहनों से कुल 19 गोवंशीय पशु बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत का ट्रक और करीब 5 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की। इस तरह जब्त किए गए पशुओं और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख 65 हजार रुपये है।

मामले में शेख इब्राहिम शेख इस्माइल (40), निवासी नागपुर तथा मुफस्सील कुरैशी मोहम्मद जमील कुरैशी (25), निवासी नागपुर के खिलाफ कुरखेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 191/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम 1976 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज जी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुरखेड़ा प्रमोद मडामे के मार्गदर्शन में की गई।

स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगड़े तथा कुरखेड़ा थाने के पुलिस निरीक्षक अजय जगताप के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक विश्वंभर कराले सहित पुलिस कर्मचारियों और कुरखेड़ा पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.