कारंजा में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस
वाशिम : कारंजा शहर में बुधवार, 26 अगस्त को ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने हिस्सा लिया।
जामा मस्जिद से सुबह करीब 8:30 बजे जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और मदरसे के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। विशेष रूप से सजाए गए वाहन, हरे झंडे और ईद-ए-मिलादुन्नबी की शुभकामनाओं वाले बैनर आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल मुस्लिम समाजबंधुओं ने अनुशासन के साथ जुलूस निकाला।
जुलूस सराफा लाइन, मेन रोड, दिल्ली वेश, इंदिरा गांधी चौक, नेहरू चौक, स्टोर लाइन, तिलक चौक, अमर चौक, दारोगा मस्जिद चौक, सब्जी बाजार और जिजामाता चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
इसके बाद जुलूस आस्ताना, पुलिस स्टेशन, नगर, जे.सी. हाईस्कूल, चावरे लाइन, जे.डी. हाईस्कूल, बीबी साहेबपुरा, काजीपुरा, महात्मा फुले चौक, पुराने सरकारी अस्पताल, नगीना मस्जिद और सराफा बाजार से होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। यहां फातेहा पढ़कर जुलूस का समापन किया गया।
इस दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं और जीवन पर तकरीर भी की गई। जुलूस में जामा मस्जिद के मौलाना ए. मजीद, नगीना मस्जिद के इमाम सैयद अहमद, काजी मोहम्मद इकबाल तथा AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद युसूफ सेठ पुंजानी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजबंधु उपस्थित रहे। AIMIM के गुटनेता बिलाल सेठ पुंजानी ने भी जुलूस में सहभागिता की।
पांच क्विंटल शाकाहारी पुलाव का वितरण
ईद-ए-मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल मुस्लिम समाजबंधुओं के लिए AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद युसूफ सेठ पुंजानी की ओर से पांच क्विंटल शुद्ध शाकाहारी पुलाव का वितरण किया गया। हजारों लोगों ने इस प्रसाद का लाभ लिया।
जुलूस के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कारंजा शहर पुलिस की ओर से कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त किया गया था।
रिपोर्टर : नागेश अवचार
No Previous Comments found.