दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग माप एवं वितरण शिविर; दौंड में 1 सितंबर को आयोजन

दौंड : प्रतिनिधि दौंड तहसील के दिव्यांग नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स सहित अन्य आवश्यक कृत्रिम अंग एवं उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। पंचायत समिति दौंड के समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से यह शिविर मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक पंचायत समिति दौंड में आयोजित होगा।

पुणे जिले के अस्थि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए आयोजित इस ‘ऑन द स्पॉट’ माप एवं वितरण शिविर में विशेषज्ञों की टीम उपस्थित रहेगी। लाभार्थियों की दिव्यांगता और आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंगों का माप लिया जाएगा तथा आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यह उपक्रम जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, पुणे, जिला प्रशासन एवं एसआर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

शिविर का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागृति करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य सेविका, स्वास्थ्य सेवक तथा आशा स्वयंसेविकाओं से पात्र लाभार्थियों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की अपील की गई है।

शिविर में आने वाले लाभार्थियों को आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, राशन कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाणपत्र की दो-दो प्रतियां तथा दो फोटो साथ लाना आवश्यक है।

दौंड तहसील के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांग नागरिकों से इस शिविर में शामिल होकर योजना का लाभ लेने की अपील पंचायत समिति दौंड के गट विकास अधिकारी अरुण मरभल ने की है।

रिपोर्टर :  प्रमोद दत्तात्रय काकडे 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.