आनंददायी शनिवार और राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह के साथ संपन्न

मुलचेरा : पंचायत समिती मुलचेरा अंतर्गत केंद्र सुंदरनगर, जिला परिषद प्राथमिक शाला चिचेला में ‘आनंददायी शनिवार’ एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक, क्रीड़ा तथा पर्यावरणपूरक गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। दिनभर चले इन उपक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्स्फूर्त सहभागिता दर्ज कराते हुए भरपूर आनंद लिया।

वृक्षों को राखी बांधकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत रक्षाबंधन एवं ‘वृक्ष बंधन’ उपक्रम से हुई। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में स्थित वृक्षों को राखियां बांधकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अनोखी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता तथा पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

खेलों में दिखा विद्यार्थियों का उत्साह

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के शारीरिक एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न मैदानी एवं मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसमें लंगड़ी, दौड़, खो-खो, बोरा दौड़ तथा चम्मच-नींबू दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों में खासा उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों की तालियों और उत्साहपूर्ण नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।

गणित पेटी और ‘स्पेलिंग बी’ से बढ़ा बौद्धिक विकास

आनंददायी शिक्षण के अंतर्गत गणित पेटी (Math Kit) के माध्यम से विद्यार्थियों को गणित की विभिन्न संकल्पनाएं प्रत्यक्ष कृती एवं शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से सरल तरीके से समझाई गईं। वहीं, विद्यार्थियों की अंग्रेजी शब्दसंपदा एवं भाषिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए ‘स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेल, शिक्षा और पर्यावरण का अनोखा संगम

दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों में खेल, मनोरंजन, पर्यावरण जागरूकता और आनंददायी शिक्षा का सुंदर संगम देखने को मिला। इससे विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ सीखने की रुचि भी बढ़ी।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकवृंद, शालेय मंत्रिमंडल एवं शाला व्यवस्थापन समिति का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। ‘आनंददायी शनिवार’ का यह उपक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, खेल और मनोरंजन से भरपूर यादगार अनुभव साबित हुआ।
इस पुरे कार्यक्रम का नियोजन मुख्य अध्यापक  संजय कोंकमुट्टीवार और सहा.शिक्षिका संगीता श्रीकोंडावार नें किया।

रिपोर्टर : मारोती कोलावार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.